मकर सक्रांति में तातापानी पर श्रद्धालुओं के लिए प्रशासन की तैयारी जोरों पर,तातापानी की पौराणिक मान्यताओं को पढ़िए।

छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में स्थित तातापानी की, जो न केवल अपने प्राकृतिक गर्म जल स्रोतों के लिए प्रसिद्ध है, बल्कि यहां हर साल मकर संक्रांति पर लगने वाले तीन दिवसीय भव्य महोत्सव के लिए भी जाना जाता है। इस बार भी तातापानी महोत्सव को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं।

पौराणिक मान्यता,

पौराणिक मान्यता के अनुसार, वनवास के दौरान भगवान राम और लक्ष्मण ने इस क्षेत्र में तपस्या की थी। कहते हैं कि माता सीता की ठंड से रक्षा के लिए भगवान राम ने धरती से गर्म पानी के स्रोत उत्पन्न किए, जिससे यह स्थान पवित्र और अद्वितीय बन गया।

तातापानी में स्थित राम कुंड और सीता कुंड धार्मिक आस्था और प्राकृतिक अद्भुतता के प्रतीक हैं। कहा जाता है कि ये कुंड भगवान राम और माता सीता के वनवास काल से जुड़े हैं। स्थानीय मान्यताओं के अनुसार, इन कुंडों में स्नान करने से शारीरिक रोगों से मुक्ति और मानसिक शांति प्राप्त होती है। इन कुंडों का गर्म पानी श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण है।


समुद्र तल से 900 मीटर की ऊंचाई पर स्थित तातापानी छत्तीसगढ़ की अनमोल धरोहर है। यहां के सल्फर युक्त गर्म पानी के झरने सालभर 55-70 डिग्री सेल्सियस तापमान पर बहते हैं। माना जाता है कि इस पानी में नहाने से त्वचा रोग और जोड़ों के दर्द जैसी समस्याओं में आराम मिलता है। यही कारण है कि लोग इसे प्रकृति की ‘प्राकृतिक चिकित्सा केंद्र’ के रूप में मानते हैं

मकर संक्रांति के मौके पर तातापानी में 14 जनवरी से तीन दिन का महोत्सव आयोजित किया जाता है, जिसमें दूर-दूर से श्रद्धालु और पर्यटक बड़ी संख्या में पहुंचते हैं। जिला प्रशासन ने इस बार ठंड को ध्यान में रखते हुए खास इंतजाम किए हैं। ठहरने की व्यवस्था के साथ-साथ अलाव की सुविधाओं का भी विशेष प्रबंध किया जा रहा है

तातापानी का यह महोत्सव सिर्फ धार्मिक आस्था का केंद्र नहीं है, बल्कि यह छत्तीसगढ़ की संस्कृति और परंपराओं को भी जीवंत करता है। यहां आने वाले लोग गर्म पानी में स्नान करके न केवल अपने स्वास्थ्य लाभ के लिए प्रयास करते हैं, बल्कि इसे पवित्र भी मानते हैं।”

तातापानी महोत्सव न केवल धार्मिक और प्राकृतिक महत्व को दर्शाता है, बल्कि यह क्षेत्रीय संस्कृति, परंपरा और पर्यटन को भी बढ़ावा देता है। अगर आप प्रकृति की गोद में आस्था और आनंद का अनुभव करना चाहते हैं, तो इस मकर संक्रांति पर तातापानी महोत्सव जरूर आएं।

तातापानी महोत्सव: प्रशासन ने किए खास इंतजाम

कलेक्टर ने बताया कि इस बार तीन दिन तातापानी महोत्सव में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। सैलानियों के लिए रुकने और पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था की गई है। ठंड को देखते हुए जगह-जगह अलाव का प्रबंध भी होगा, ताकि लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो।

-->