जशपुर जिले के बगीचा थाना क्षेत्र अंतर्गत महनई गांव के पास जशपुर-कुसमी मार्ग पर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। शमीम बस अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे बस में सवार दर्जनों यात्री घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीण तुरंत मदद के लिए आगे आए और घायलों को निजी वाहनों के माध्यम से कुसमी और शंकरगढ़ अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
ग्रामीणों के अनुसार, यह बस पहले भी दो बार हादसे का शिकार हो चुकी है। उनका आरोप है कि बस की स्थिति काफी जर्जर (कंडम) है, जिसके चलते बार-बार दुर्घटनाएं हो रही हैं और यात्रियों की जान के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए जांच शुरू कर दी है।
प्रशासन से मांग की जा रही है कि ऐसे जर्जर वाहनों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
