जशपुर। जिले के बगीचा थाना क्षेत्र के खंताडाँड़-जुरगुम जंगल में एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए जाने की बात सामने आई है, जिसके चलते प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, जंगल की ओर गए ग्रामीणों की नजर अज्ञात युवक के शव पर पड़ी। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना बगीचा पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ करने के साथ ही मृतक की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
सिर पर गंभीर चोट के निशान मिलने के कारण पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। अज्ञात शव मिलने के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मृतक का नाम राजेश दास उम्र करीब 42 साल बताया जा रहा है जो बगीचा थाना क्षेत्र के बिमड़ा गांव का निवासी है। फिलहाल पुलिस द्वारा मृतक की पहचान की कोई आधिकारिक पुष्टि नही किया गया है।
