जशपुर में दर्दनाक सड़क हादसा: कच्चा आम से लदी पिकअप पुलिया के नीचे गिरी, चालक की मौत

जशपुर में एक दर्दनाक सड़क हादसे में कच्चा आम से लदी पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पुलिया के नीचे जा गिरी। हादसे में पिकअप चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक चालक उड़ीसा से अंबिकापुर की ओर कच्चा आम लेकर जा रहा था। इसी दौरान कुनकुरी थाना क्षेत्र के खारीझाड़िया स्थित श्रीनदी पुलिया के पास वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और पुलिया के नीचे जा गिरा।
हादसा इतना भीषण था कि पिकअप वाहन के परखच्चे उड़ गए। घटना की सूचना मिलते ही कुनकुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सकरी पुलिया होने की वजह से यहां आए दिन हादसे होते रहते हैं। लोगों ने प्रशासन से पुलिया को चौड़ा कराने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

-->