जशपुर। जिले के कुनकुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-43 (NH-43) पर स्थित खड़सा गांव के पास सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां फॉर्च्यूनर वाहन और बाइक के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक और फॉर्च्यूनर दोनों के परखच्चे उड़ गए। वहीं टक्कर के बाद अनियंत्रित हुई फॉर्च्यूनर सड़क किनारे गड्ढे में उतर गई।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना पर कुनकुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
