जशपुर में करंट लगने से किसान और मवेशी की मौत, ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लगाया लापरवाही का आरोप

जशपुर। जिले के बागबहार थाना क्षेत्र अंतर्गत गोढ़ी बी स्थित कुरकुट नाला के पास रविवार को एक दर्दनाक हादसे में करंट लगने से किसान और उसके मवेशी की मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, किसान रामेश्वर यादव अपने मवेशी को चराने के लिए खेत की ओर गए थे। इसी दौरान वे और उनका मवेशी बांस के सहारे ले जाए गए बिजली के तार की चपेट में आ गए। तार में करंट प्रवाहित होने के कारण किसान और मवेशी की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में बांस के सहारे बिजली कनेक्शन संचालित किया जा रहा था, जो सुरक्षा मानकों के विपरीत है। कई बार शिकायत के बावजूद विभाग द्वारा आवश्यक सुधार नहीं किए गए, जिसके चलते यह हादसा हुआ।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, ग्रामीणों ने मृतक किसान के परिजनों को उचित मुआवजा देने तथा जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल पुलिस और बिजली विभाग के अधिकारी मामले की जांच में जुटे हुए हैं। घटना ने बिजली व्यवस्था की सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

-->