एमसीबी जिले में रात्रिकालीन औचक निरीक्षण: ड्रोन सर्वे में रेत भंडारण स्थलों पर अनियमितताएं, नोटिस जारी

एमसीबी, 22 जून। संचालक महोदय रजत बंसल (आईएएस) के निर्देशानुसार केंद्रीय खनि उड़नदस्ता की संयुक्त टीम ने प्राप्त शिकायतों के आधार पर 21 जून 2026 की रात्रि में जिला एमसीबी के तहसील केल्हारी क्षेत्र में औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दंडाहस्वाही स्थित केवाई नदी, पसौरी, कुटरा तथा हसदेव नदी क्षेत्र का सघन जांच किया गया।

जांच टीम ने क्षेत्र में स्वीकृत दो अस्थायी रेत भंडारण अनुज्ञप्ति स्थलों का भी निरीक्षण किया। मौके पर उपलब्ध रेत की मात्रा का आकलन हाईटेक ड्रोन सर्वे के माध्यम से किया गया। जांच के दौरान भंडारण अनुज्ञा स्थलों में नियमों के उल्लंघन के मामले सामने आने पर संबंधित रेत भंडारणकर्ताओं को कारण बताओ सूचना जारी की गई है। उन्हें तीन दिवस के भीतर अपना जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

खनिज विभाग के अनुसार राज्य के विभिन्न जिलों के पहुंचविहीन एवं अवैध रेत उत्खनन संभावित क्षेत्रों का चिन्हांकन कर आधुनिक ड्रोन तकनीक के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है। इसका उद्देश्य अवैध रेत खनन और अवैध भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना तथा खनिज संसाधनों के संरक्षण को सुनिश्चित करना है।

इस कार्रवाई में केंद्रीय उड़नदस्ता की संयुक्त जांच टीम के साथ जिला स्तरीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों की टीम भी उपस्थित रही। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन और भंडारण के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

-->