जशपुर को मिली मेडिकल कॉलेज की सौगात, बगीचा में भाजपा कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न

14 जुलाई 2026/ बगीचा – छत्तीसगढ़ के आदिवासी बाहुल्य एवं प्रदेश के अंतिम छोर पर बसे जशपुर जिले के लिए लंबे समय से प्रतीक्षित मेडिकल कॉलेज की मांग पूरी होने पर पूरे जिले में खुशी की लहर है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा जशपुर में मेडिकल कॉलेज की स्वीकृति दिए जाने पर लोगों ने इसे जिले के विकास और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।

इसी खुशी में बगीचा बस स्टैंड में भारतीय जनता पार्टी के मंडल अध्यक्ष हरीश आरिक के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय लोगों ने आतिशबाजी कर मिठाइयां बांटी और एक-दूसरे को बधाई दी। इस दौरान पूरे क्षेत्र में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला।

मंडल अध्यक्ष हरीश आरिक ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जशपुर जिले को एक बड़ी और बहुप्रतीक्षित सौगात दी है। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज की स्थापना से न केवल जशपुर बल्कि पूरे सरगुजा संभाग के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे आदिवासी अंचल के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया।

नगर पंचायत उपाध्यक्ष दिनेश शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश लगातार विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि जशपुर जैसे आदिवासी जिले में मेडिकल कॉलेज की स्वीकृति मिलने से क्षेत्र के लोगों को उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधा अपने जिले में ही उपलब्ध हो सकेगी। इससे मरीजों को बड़े शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा और स्वास्थ्य सेवाएं अधिक सुलभ एवं प्रभावी बनेंगी।

उन्होंने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी दूरदर्शी सोच और संवेदनशील नेतृत्व के कारण आदिवासी अंचल में स्वास्थ्य सुविधाओं को नई मजबूती मिलेगी। भाजपा कार्यकर्ताओं ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर उत्सव मनाते हुए पटाखे फोड़े और मिठाइयां वितरित कर अपनी खुशी साझा की।

इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष हरीश आरिक, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रभात सिदाम, नगर पंचायत उपाध्यक्ष दिनेश शर्मा, वरिष्ठ भाजपा नेता शंकर गुप्ता, पार्षद राजकिशोर जायसवाल, मंडल महामंत्री पवन सिंह, कोषाध्यक्ष पंकज जैन, एल्डरमैन हरीशंकर पैंकरा, उमाशंकर ठाकुर, बजरंग अग्रवाल, विनय यादव, राजेंद्र कृष्ण गुप्ता, विपिन यादव, ऋत्विक जैन, शुभम जिंदल, संतोष गुप्ता, भगवान गुप्ता, दीपक जायसवाल सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

-->