जशपुर | 13 जुलाई:
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर अयोध्या श्रीराम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी एवं वित्तीय अनियमितताओं के विरोध में सोमवार को जशपुर जिले के जशपुर और कुनकुरी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने तख्तियां और नारे लिखे पोस्टर लेकर मामले की निष्पक्ष जांच तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
जशपुर बस स्टैंड में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी जशपुर शहर एवं ग्रामीण के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित प्रदर्शन को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक विनय भगत ने कहा कि भगवान श्रीराम करोड़ों लोगों की आस्था के केंद्र हैं। उन्होंने कहा कि मंदिर में श्रद्धालुओं के चढ़ावे को लेकर सामने आए कथित वित्तीय अनियमितताओं के आरोप गंभीर हैं और कांग्रेस किसी धार्मिक आस्था का नहीं, बल्कि आस्था के नाम पर होने वाले भ्रष्टाचार एवं वित्तीय अनियमितताओं का विरोध कर रही है। उन्होंने पूरे मामले की स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराने की मांग की।
प्रदर्शन में प्रदेश सचिव रत्ना पैकरा, जिला महामंत्री हीरूराम निकुंज, मनमोहन भगत, अजय टोप्पो, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सतीश गुप्ता (जशपुर शहर), अमित महतो (जशपुर ग्रामीण), कल्पना लकड़ा, उर्मिला भगत, सहस्त्रांशु पाठक, भोलू खान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
वहीं कुनकुरी में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष यू. डी. मिंज के नेतृत्व में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने विरोध प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में ब्लॉक अध्यक्ष वाल्टर कुजूर, दीपक केरकेट्टा, सरवर अली, इरफान खान, राबर्ट एक्का, अंजान मिंज, मनोज, सागर यादव और दिलीप जैन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े मामलों में पूर्ण पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जानी चाहिए। उनका कहना था कि यदि कथित वित्तीय अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच नहीं होती है तो इससे श्रद्धालुओं का विश्वास प्रभावित हो सकता है। कांग्रेस ने पूरे मामले की न्यायिक अथवा किसी स्वतंत्र एजेंसी से जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।
