
जशपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री आज पत्थलगांव विधानसभा क्षेत्र के चंदागढ़ पंचायत पहुंचे, जहां उन्होंने सुशासन तिहार के तहत ग्रामीणों के बीच चौपाल लगाकर सीधा जनसंवाद किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने गांव-गांव पहुंचकर सरकारी योजनाओं की जमीनी स्थिति और उनके क्रियान्वयन का जायजा लेने की अपनी पहल को आगे बढ़ाया।
चंदागढ़ पंचायत के भैसामुड़ा गांव में बरगद के पेड़ के नीचे आयोजित चौपाल में मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने क्षेत्र की आवश्यकताओं को लेकर अपनी मांगें मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं, जिस पर मुख्यमंत्री ने सामुदायिक भवन, 200 मीटर सीसी रोड और मिनी खेल स्टेडियम निर्माण की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने मौके पर ही कई समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए और जल्द समाधान सुनिश्चित करने की बात कही। साथ ही उन्होंने ग्रामीणों को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और इनका लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बन रहे एक आवास का निरीक्षण किया और ईंट रखकर हितग्राही का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना और ग्रामीणों का जीवन स्तर बेहतर बनाना है।
कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और आम जनता की समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सुशासन तिहार के तहत वे आगामी दिनों में प्रदेश के विभिन्न गांवों का दौरा कर जनता से सीधा संवाद करेंगे और विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे।
