जशपुर में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी का हल्ला बोल: महंगाई के खिलाफ बस स्टैंड पर धरना, उग्र आंदोलन की चेतावनी

जशपुर – बढ़ती महंगाई और गैस सिलेंडर, पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ रही कीमतों के विरोध में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी शहर एवं ग्रामीण ने सोमवार को जशपुर बस स्टैंड में जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश और जिला कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर आयोजित किया गया।
धरना-प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और महंगाई को लेकर अपना आक्रोश जताया। बड़ी संख्या में जुटे नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कहा कि लगातार बढ़ती कीमतों ने आम जनता की कमर तोड़ दी है। रसोई गैस से लेकर रोजमर्रा की जरूरतों तक हर वस्तु महंगी हो गई है, जिसका सबसे ज्यादा असर गरीब और मध्यम वर्ग पर पड़ रहा है।
पूर्व विधायक विनय भगत ने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार की गलत नीतियों का खामियाजा देश की जनता भुगत रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस के दामों में बेतहाशा वृद्धि कर आम लोगों की जेब पर सीधा बोझ डाला जा रहा है।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही कीमतों में राहत नहीं दी गई, तो कांग्रेस चरणबद्ध तरीके से उग्र आंदोलन करेगी।
प्रदर्शन में महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष (शहर) प्यारी कुजूर, ब्लॉक अध्यक्ष अमित महतो, ब्लॉक अध्यक्ष सतीश गुप्ता, सहस्त्रांशु पाठक, बृजमोहन पाड़े, एजलीना केरकेट्टा, कल्पना लकड़ा, मोनिका गुप्ता, संजय राम, महादेव राम, सन्नी गुप्ता, संजय लकड़ा, कलेश्वर महतो, संदीप राम, शकुंतला भगत, कांति रानी सहित अन्य कांग्रेसजन मौजूद रहे।
कांग्रेस ने सरकार से पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कीमतों में तत्काल कमी करने की मांग की है, ताकि आम जनता को महंगाई से राहत मिल सके।

-->