ब्रेकिंग जशपुर: घर में खड़ी इलेक्ट्रिक स्कूटी में अचानक लगी आग, परिवार के 10 सदस्य बाल-बाल बचे

जशपुर जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत कोयला फैक्ट्री गली में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब घर के भीतर खड़ी एक इलेक्ट्रिक स्कूटी में अचानक आग लग गई। आग लगने के बाद उठे काले धुएं और घुटन की वजह से परिवार के लोगों को घटना की जानकारी मिली।
बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त मकान के अंदर परिवार के 10 सदस्य मौजूद थे। धुआं और आग फैलते देख सभी ने तुरंत घर से बाहर भागकर अपनी जान बचाई। अगर थोड़ी भी देर होती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
आग इतनी तेजी से फैली कि उसकी चपेट में घर में खड़ी एक अन्य स्कूटी, बोर मशीन और सोफा सेट भी आ गए, जिससे काफी नुकसान हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। मामले की जानकारी पत्थलगांव पुलिस को दे दी गई है और जांच की जा रही है।

-->