ब्रेकिंग जशपुर – तालाब में डूबने से युवक की मौत,गहरे पानी मे तैरते समय युवक ने तोड़ा दम….

जशपुर। जिले के बगीचा थाना क्षेत्र अंतर्गत तांबाकच्छार के साखझरण गांव में एक दर्दनाक हादसे में तालाब में डूबने से युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान शोबिंद राम के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि शोबिंद राम अपने बच्चे को तैरना सिखाने की बात कहकर तालाब में उतरे थे। इसी दौरान वे दूसरे किनारे से तैरकर वापस आ रहे थे, तभी बीच गहरे पानी में संतुलन बिगड़ने से डूब गए। यह पूरा हादसा उनकी पत्नी और बच्चों के सामने हुआ, जिससे परिवार में मातम पसरा हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से घने जंगल और गहरे पानी के बीच करीब 4 से 5 घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया, जिसके बाद शव को बरामद किया गया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है।

-->