ब्रेकिंग जशपुर – तेज रफ्तार बाइक ने सड़क किनारे खाना खा रही महिला को मारी टक्कर, मौत; आरोपी हिरासत में

जशपुर। पत्थलगांव थाना क्षेत्र के झेराडीह पतरापाली में तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से एक महिला की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बाइक चालक शराब के नशे में था। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, झेराडीह पतरापाली निवासी वृंदावती खेत में रोपा उखाड़ने का काम करने के बाद अन्य महिलाओं के साथ सड़क किनारे बैठकर खाना खा रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार पल्सर बाइक सवार सुमित कुमार भगत ने महिला को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे में वृंदावती गंभीर रूप से घायल हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे तत्काल पत्थलगांव सिविल अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया, लेकिन दूसरे अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद परिजनों ने पत्थलगांव थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी बाइक चालक को हिरासत में लेकर मामला दर्ज कर लिया है। मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

-->