स्वच्छता और नशा मुक्ति को लेकर बगीचा के स्वामी आत्मानंद स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों ने लिया स्वच्छ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प

बगीचा, जशपुर | 10 अगस्त 2026। My Bharat Jashpur द्वारा स्वच्छता एवं नशा मुक्ति अभियान के तहत सोमवार को शासकीय स्वामी आत्मानंद स्कूल, बगीचा में विशेष जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला युवा अधिकारी श्री संकेत मित्तल के मार्गदर्शन एवं निर्देशानुसार आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं युवाओं को स्वच्छता के महत्व और नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं, शिक्षकगण एवं अतिथियों को “स्वच्छ भारत–सुंदर भारत” के निर्माण का संकल्प दिलाते हुए स्वच्छता की शपथ ग्रहण कराई गई। वहीं नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत युवाओं को नशे के सामाजिक एवं व्यक्तिगत दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ एवं जागरूक समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।

कार्यक्रम में नगर पंचायत बगीचा के अध्यक्ष प्रभात सिडाम, जनपद पंचायत बगीचा की अध्यक्ष श्रीमती गायत्री नागेश, B.E.O. बगीचा सुदर्शन पटेल, C.M.O. नगर पंचायत बगीचा क्षितिज सर,अजय सूर्यवंशी पत्रकार एवं शासकीय स्वामी आत्मानंद स्कूल के प्राचार्य श्री बृजेश कुमार यादव सहित विद्यालय के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

स्वयंसेवकों ने निभाई महत्वपूर्ण भूमिका

कार्यक्रम को सफल बनाने में My Bharat के स्वयंसेवक विकास गुप्ता एवं आर्यन शर्मा तथा विशेष सहयोगी अतुल कुजूर का महत्वपूर्ण योगदान रहा। स्वयंसेवकों ने कार्यक्रम के संचालन, विद्यार्थियों को जागरूक करने तथा अभियान से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में सक्रिय भूमिका निभाई।

कार्यक्रम के समापन पर सभी अतिथियों, शिक्षकगण, विद्यार्थियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए निरंतर जन-जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।

My Bharat Jashpur ने संदेश दिया कि स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत और नशामुक्त भारत के निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी ही राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति है।

-->