ब्रेकिंग जशपुर – जशपुर में हाथियों का कहर: 70 वर्षीय बुजुर्ग को कुचलकर उतारा मौत के घाट, गांव में दहशत

जशपुर। जिले के बगीचा वनपरिक्षेत्र में हाथियों के दल ने एक बार फिर दहशत फैला दी है। बीती रात जंगल किनारे स्थित घर में सो रहे 70 वर्षीय बुजुर्ग मार्शल एक्का को हाथियों ने कुचलकर मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद से पूरे गांव में भय का माहौल बना हुआ है।

जानकारी के अनुसार, यह दर्दनाक घटना बगीचा वनपरिक्षेत्र के घुघरी कदमटोली गांव की है। बताया जा रहा है कि रात के समय हाथियों का दल जंगल से निकलकर गांव की ओर पहुंचा। इसी दौरान जंगल किनारे बने झोपड़ीनुमा घर में सो रहे बुजुर्ग मार्शल एक्का हाथियों की चपेट में आ गए। हाथियों ने उन्हें कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

घर को तोड़ा, धान की फसल भी रौंदी

हाथियों ने बुजुर्ग के झोपड़ीनुमा घर को भी तोड़ दिया। इसके अलावा गांव के खेतों में लगी धान की फसल को भी हाथियों ने रौंदकर बर्बाद कर दिया। अचानक हाथियों के गांव में पहुंचने से ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई।

महुआडीह के जंगल में 16 हाथियों का दल

बताया जा रहा है कि बगीचा वनपरिक्षेत्र के महुआडीह जंगल में करीब 16 हाथियों का दल विचरण कर रहा है। हाथियों के लगातार आबादी वाले इलाकों के आसपास पहुंचने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों को हाथियों से सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।

घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। वन विभाग द्वारा हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।

लगातार हाथियों के गांवों की ओर रुख करने से ग्रामीणों में अपने जान-माल और फसल की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

-->