छत्तीसगढ़ के जशपुर में किराना व्यापारी की दुकान में हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। जशपुर पुलिस ने चोरी के सामान खरीदने वाले सहित कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के मुताबिक, 8 और 9 मई की दरमियानी रात जशपुर के लक्ष्मी गुड़ी मंदिर के पास स्थित विक्रम ताम्रकार की किराना दुकान का शटर तोड़कर चोर लाखों रुपये का सामान चोरी कर ले गए थे। मामले में सिटी कोतवाली थाना में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया था।
डीआईजी और एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर एसडीओपी चंद्रशेखर परमा के नेतृत्व में चार विशेष पुलिस टीम बनाई गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, साइबर टीम और मुखबिरों की मदद से आरोपियों तक पहुंच बनाई।
पुलिस ने जशपुर और झारखंड से आरोपियों को पकड़कर उनके कब्जे से 58 डिब्बा रिफाइन तेल, चावल, सरसों तेल, साबुन, सिगरेट सहित चोरी का सामान और घटना में इस्तेमाल ऑटो जब्त किया है।
गिरफ्तार आरोपियों में विरेन्द्र भगत, अजय रवानी, कार्तिक भगत, पमित बरला, नवाजिश खान और चोरी का सामान खरीदने वाला अमृत लाल केरकेट्टा शामिल हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
