जशपुर जिले के पत्थलगांव में मारुति मसाला उद्योग में हुई लाखों रूपए की चोरी के मामले में पत्थलगांव पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है।
मारुति मसाला उद्योग में सीसीटीवी कैमरे में दो शातिर चोरों की पहचान होने के बाद पुलिस ने चोरी का सामान खरीदने वाले दो सफेदपोश दुकानदारों के घरों में दबिश दी। इस दौरान पत्थलगांव का गांधी पान पैलेस से मंहगी ईलायची और बुढ़ाडांड़ के दुकानदार सुरेश प्रधान के कब्जे से भारी मात्रा में चोरों का सामान जप्त कर लिया है। पुलिस का कहना है कि लगातार हो रही चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए चोरी का सामान खरीदने वाले दोनों दुकानदारों के विरुद्ध भी अपराधिक मामला दर्ज किया जाएगा।
दरअसल, पत्थलगांव क्षेत्र में बाहर से आने वाले अजनबी लोगों की पुलिस थाने में जानकारी दर्ज नहीं कराई जा रही है इसी वजह यंहा चोरी की वारदातों में लगातार इजाफा हुआ है।
हालांकि पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने चोरी तथा अन्य अपराधिक मामलों की लगातार समीक्षा करने से पुलिस थानों में सक्रियता बरती जा रही है लेकिन चोरी का सामान खरीदने वाले दुकानदारों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई नहीं हो पाने से ऐसे दुकानदार पुलिस के लिए भी परेशानी का सबब बन गये हैं।
