
जशपुर। डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती जशपुर जिले में हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाई गई। जिले के बगीचा विकासखंड अंतर्गत बम्बा गांव में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
इस अवसर पर बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने उनके बताए मार्ग पर चलने और समाज में समानता, न्याय एवं शिक्षा के महत्व को अपनाने का संकल्प लिया।
नगर पंचायत अध्यक्ष प्रभात सिदाम ने कहा कि ”भारतीय संविधान के मुख्य निर्माता और महान समाज सुधारक बाबासाहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती के अवसर पर, मैं उन्हें सादर श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। बाबासाहेब एक न्यायविद, अर्थशास्त्री, गहन विचारक, विधि विद्वान और समतावादी सामाजिक व्यवस्था के प्रबल समर्थक थे। उन्होंने अपना जीवन समाज के वंचित और कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित किया और उनके हित में ऐतिहासिक योगदान दिया।”
भाजपा अनुसूचित जाति के जिला उपाध्यक्ष एवं पार्षद एल आर चौहान ने कहा, ”बाबा साहेब ने न केवल असमानताओं को दूर करने का मार्ग दिखाया, बल्कि भारत के लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक अधिकारों को मजबूत करने में भी अग्रणी भूमिका निभाई। डॉ. आंबेडकर ने महिलाओं की शिक्षा और उनके अधिकारों को प्राथमिकता दी। उनके बहुआयामी योगदान आने वाली पीढ़ियों को देश की सेवा और विकास में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करते रहेंगे। इस अवसर पर, आइए हम बाबासाहेब अंबेडकर के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने और एक न्यायपूर्ण, समावेशी और प्रगतिशील राष्ट्र के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लें।”
शक्ति केन्द्र बम्बा में भारत रत्न डॉ भीमराव अंबेडकर जयंती में भारतीय जनता पार्टी जिला महामंत्री समान्य मुकेश शर्मा एवं नगर पंचायत अध्यक्ष प्रभात सिदाम, पार्षद एल आर चौहान और जे आर नागवंशी जनपद सदस्य सविता नगवसी नंदलाल साय पैकरा एस टी मोर्चा मंडल अध्यक्ष बगीचा एवं बाल कृष्णा चौहान ए सी मोर्चा मंडल अध्यक्ष बगीचा ग्राम पंचायत बम्बा सरपंच अंजुलता मिंज एवं समस्त ग्राम वासी उपस्थित रहे।
