पत्थलगांव में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के बैनर फाड़े जाने से आक्रोश, थाने में प्रदर्शन

जशपुर जिले का पत्थलगांव नगर के इन्द्र चौक और बस स्टैंड चौक में लगाए गए भीमराव अंबेडकर के बैनर-पोस्टर अज्ञात लोगों द्वारा फाड़े जाने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद अनुसूचित जाति एवं जनजाति समाज में भारी आक्रोश व्याप्त है।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में समाज के लोग एकत्रित होकर पत्थलगांव थाना पहुंचे, जहां उन्होंने जमकर नारेबाजी की और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि इस तरह की घटनाएं समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली हैं और दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाना चाहिए।
इसके बाद समाज के प्रतिनिधिमंडल ने एसडीओपी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में प्रशासन से मांग की गई कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हो।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।

-->