जशपुर जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। पत्थलगांव थाना क्षेत्र के बालाझर घोघरा डैम में नहाने के दौरान गर्भवती महिला और उसकी 8 वर्षीय मासूम बेटी की डूबने से मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि महिला अपनी दो बेटियों के साथ डैम में नहाने गई थी। इसी दौरान गहरे पानी में चले जाने से मां और एक बेटी डूब गईं। वहीं दूसरी बेटी ने किसी तरह तैरकर अपनी जान बचाई और बाहर निकलकर आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय गोताखोर मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद दोनों शवों को डैम से बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
यह पूरी घटना पत्थलगांव थाना क्षेत्र के बालाझर घोघरा डैम की बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
