छत्तीसगढ़ बोर्ड परीक्षा परिणाम में बेहद खराब प्रदर्शन के बाद एमसीबी जिला प्रशासन हरकत में आ गया है। जिले को प्रदेशभर में 33वीं यानी अंतिम रैंक मिलने पर नवपदस्थ कलेक्टर संतन देवी जांगड़े ने नाराजगी जताई है।
जिले के 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा परिणामों में खराब प्रदर्शन को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने 15 मई को सभी प्राचार्यों की आपात बैठक बुलाई है। बैठक में स्कूलों के कमजोर परीक्षा परिणामों को लेकर जवाब-तलब किया जाएगा।
सूत्रों के मुताबिक, कलेक्टर जिले की शिक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए खराब प्रदर्शन के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और प्राचार्यों से स्पष्टीकरण मांग सकती हैं। लगातार गिरते परीक्षा परिणामों को लेकर प्रशासन अब सख्त रुख अपनाने की तैयारी में है।
बताया जा रहा है कि बैठक में स्कूलवार परीक्षा परिणाम, विद्यार्थियों की उपस्थिति, शिक्षकों की भूमिका और शैक्षणिक गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की जाएगी। वहीं लापरवाही पाए जाने पर संबंधित प्राचार्यों और शिक्षा विभाग के अधिकारियों पर कार्रवाई की भी संभावना जताई जा रही है।
कलेक्टर संतन देवी जांगड़े ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार प्रशासन की प्राथमिकता होगी और भविष्य में जिले की रैंकिंग सुधारने के लिए ठोस रणनीति तैयार की जाएगी।
