फुलझर ग्राम पंचायत में सचिव के खिलाफ जनप्रतिनिधियों का मोर्चा, कलेक्टर जनदर्शन में की शिकायत

जशपुर – बगीचा जनपद पंचायत अंतर्गत फुलझर ग्राम पंचायत की सचिव सिरोमणी बाई के खिलाफ उपसरपंच एवं पंचों ने मोर्चा खोल दिया है। पंचायत के जनप्रतिनिधियों ने सचिव को पद से हटाने की मांग करते हुए कलेक्टर जनदर्शन में शिकायत दर्ज कराई है।
जनप्रतिनिधियों का आरोप है कि पंचायत सचिव द्वारा पंचों के फर्जी हस्ताक्षर कर पंचायत की राशि का आहरण किया गया है। साथ ही पंचायत प्रस्ताव तैयार करने में भी फर्जी हस्ताक्षरों का इस्तेमाल किए जाने का गंभीर आरोप लगाया गया है।
उपसरपंच और पंचों का कहना है कि सचिव की कार्यप्रणाली से पंचायत का कामकाज प्रभावित हो रहा है और पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
जनप्रतिनिधियों ने बताया कि मामले को लेकर कलेक्टर जनदर्शन में लिखित शिकायत सौंप दी गई है। अब सभी की नजर प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हुई है।
वहीं, इस पूरे मामले में पंचायत सचिव सिरोमणी बाई का पक्ष सामने आना बाकी है। प्रशासनिक जांच के बाद ही आरोपों की सच्चाई स्पष्ट हो सकेगी।

-->