
जशपुर में वित्त मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी ने जिला पंचायत सभाकक्ष में समीक्षा बैठक लेकर विभिन्न विभागों की योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री के गृह जिला होने के कारण सभी कार्यों को गंभीरता और समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि पिछले दस वर्षों की तुलना में जशपुर जिले में रिकॉर्ड संख्या में विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर काम करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिन कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन हो चुका है, उनके शिलापट्ट संबंधित गांवों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में अनिवार्य रूप से लगाए जाएं। यदि किसी भी विभाग की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में महिलाओं और किसानों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने पर भी विशेष जोर दिया गया।
