जशपुर: बिजली करंट की चपेट में आने से किसान की मौत, ट्रांसफार्मर के पास सुधार रहे थे बिजली लाइन

जशपुर। जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र के ग्राम जोराडोल में बिजली करंट लगने से एक किसान की मौत हो गई। मृतक की पहचान पुरुषोत्तम सिदार (41 वर्ष), निवासी जोराडोल के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, पुरुषोत्तम सिदार के घर की बिजली खराब हो गई थी। वे घर के समीप लगे ट्रांसफार्मर के पास बिजली लाइन ठीक करने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान वे अचानक बिजली करंट की चपेट में आ गए। करंट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पत्थलगांव पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पत्थलगांव एसडीओपी ध्रुवेश जायसवाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मौत का कारण बिजली करंट लगना सामने आया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

-->