जशपुर: पढ़ाई के बजाय बच्चों से आम तुड़वाने का मामला, शिक्षिका पर कार्रवाई की मांग

जशपुर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां स्कूल में पढ़ाई कराने के बजाय बच्चों से आम तुड़वाने का काम कराया गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, पत्थलगांव विकासखंड के प्राथमिक शाला सुखरापारा गांव में पदस्थ शिक्षिका अमृता गुप्ता ने स्कूली बच्चों को पढ़ाई के समय दूसरे के बगान में आम तोड़ने के लिए भेज दिया। वायरल वीडियो में बच्चे पेड़ों से आम तोड़ते हुए नजर आ रहे हैं।
इस घटना के सामने आने के बाद बच्चों के परिजनों में आक्रोश है। उन्होंने शिक्षिका की इस लापरवाही को गंभीर बताते हुए प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। परिजनों का कहना है कि स्कूल बच्चों के भविष्य निर्माण के लिए होता है, न कि उनसे इस तरह के काम करवाने के लिए।
मामले के तूल पकड़ने के बाद शिक्षा विभाग पर भी दबाव बढ़ गया है। स्थानीय लोगों और अभिभावकों ने जांच कर दोषी शिक्षिका के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग की है।
अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है और बच्चों की शिक्षा व्यवस्था को लेकर क्या कदम उठाए जाते हैं।

-->