जशपुर। भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती जशपुर जिले में हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाई गई। जिले के बगीचा विकासखंड अंतर्गत रेंगले गांव में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
इस अवसर पर बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने उनके बताए मार्ग पर चलने और समाज में समानता, न्याय एवं शिक्षा के महत्व को अपनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान बीजेपी मंडल अध्यक्ष हरीश आरिक ने डॉ. अंबेडकर के जीवन, उनके संघर्ष और देश के संविधान निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब ने समाज के वंचित वर्गों को अधिकार दिलाने के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया।
कार्यक्रम का समापन सामूहिक विचार-विमर्श और समाज में जागरूकता बढ़ाने के संदेश के साथ किया गया।
