नशा मुक्त युवा ही विकसित भारत की नींव, बगीचा में स्वच्छता अभियान व नशा मुक्ति संकल्प कार्यक्रम आयोजित

बगीचा, 2 अगस्त। ‘मेरा युवा भारत’ (MY Bharat) जशपुर के तत्वावधान में श्री रामकृष्ण आश्रम आवासीय विद्यालय, बगीचा में “नशा मुक्त युवा–विकसित भारत” एवं “स्वच्छ भारत अभियान” के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम जिला युवा अधिकारी श्री साकेत मित्तल के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के लाइव संबोधन के सामूहिक श्रवण से हुई। इस दौरान उपस्थित विद्यार्थियों एवं युवाओं ने प्रधानमंत्री के विचारों को सुना तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया।

इसके बाद विद्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में “एक कदम स्वच्छता की ओर” अभियान के तहत श्रमदान करते हुए व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। प्रतिभागियों ने झाड़ू लगाकर एवं कचरा एकत्रित कर स्वच्छता का संदेश दिया और इसे प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी बताया।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं युवाओं को नशा मुक्त भारत के निर्माण का संकल्प भी दिलाया गया। वक्ताओं ने नशे के दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए युवाओं से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, समाज में जागरूकता फैलाने तथा राष्ट्रहित में सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि स्वच्छता और नशा मुक्ति विकसित भारत की मजबूत आधारशिला हैं। युवाओं के अनुशासन, स्वच्छता और नशामुक्त जीवनशैली अपनाने से ही विकसित भारत-2047 का संकल्प साकार हो सकेगा।

कार्यक्रम में नगर पंचायत बगीचा के अध्यक्ष प्रभात सिडाम, उपाध्यक्ष दिनेश शर्मा, जनपद पंचायत बगीचा के उपाध्यक्ष अरविंद गुप्ता तथा वरिष्ठ भाजपा नेता शंकर प्रसाद गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने युवाओं से नशे से दूर रहने, स्वच्छता को जीवन का हिस्सा बनाने और समाज के लिए प्रेरणा बनने की अपील की।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में विकास गुप्ता (माय भारत वॉलिंटियर, बगीचा), शुभम गुप्ता एवं अतुल कुजूर का विशेष योगदान रहा। आयोजन समिति ने सभी अतिथियों, विद्यार्थियों, स्वयंसेवकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि जागरूक युवा ही जागरूक समाज का निर्माण करते हैं और इसी से स्वच्छ, स्वस्थ, नशामुक्त एवं विकसित भारत का सपना साकार होगा।

-->