छात्रावास के विद्यार्थियों को भाजपा की रैली में शामिल कराने का आरोप, कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन

जशपुर। भारतीय जनता पार्टी की ओर से 16 अगस्त की शाम जशपुर में आयोजित रैली में छात्रावास के विद्यार्थियों को शामिल किए जाने के आरोप को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने विरोध दर्ज कराया। कांग्रेस नेताओं ने जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री मनमोहन भगत के नेतृत्व में डिप्टी कलेक्टर हरिओम द्विवेदी को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

कांग्रेस ने ज्ञापन में कहा कि छात्रावास में निवासरत विद्यार्थियों को किसी राजनीतिक दल के कार्यक्रम या रैली में शामिल किया जाना गंभीर और आपत्तिजनक विषय है। विद्यार्थियों को राजनीतिक गतिविधियों से दूर रखा जाना चाहिए। यदि विद्यार्थियों को छात्रावास अधीक्षक या किसी अन्य अधिकारी-कर्मचारी के निर्देश, दबाव अथवा सहमति से रैली में शामिल कराया गया है, तो पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।

कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन से यह भी मांग की कि भविष्य में किसी भी छात्रावास के विद्यार्थियों को राजनीतिक दलों के कार्यक्रम, रैली अथवा अन्य राजनीतिक गतिविधियों में शामिल नहीं किया जाए। इसके लिए संबंधित विभाग और अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाएं।

जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री मनमोहन भगत ने कहा कि विद्यार्थियों का उपयोग किसी भी राजनीतिक कार्यक्रम में किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है। छात्र-छात्राओं को शिक्षा और अपने उज्ज्वल भविष्य पर ध्यान केंद्रित करने का अवसर मिलना चाहिए, न कि उन्हें राजनीतिक गतिविधियों का हिस्सा बनाया जाए। उन्होंने मामले की तत्काल जांच कर दोषी पाए जाने वाले छात्रावास अधीक्षक एवं अन्य जिम्मेदार अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन सौंपने के दौरान आदिवासी कांग्रेस के प्रदेश सचिव विनय प्रकाश एक्का, सहस्त्रांशु पाठक, पार्षद सबनम खान, आसिफ खान, मंडल अध्यक्ष असरफ खान, नागेश्वरी बाई सहित कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

-->