ब्रेकिंग जशपुर – प्रेम प्रसंग के चलते युवक की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या,नाबालिक सहित तीन आरोपी गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ का जशपुर जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र के ग्राम जामजुनवानी में प्रेम प्रसंग के चलते एक युवक की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले में एक नाबालिग समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है।

पुलिस के अनुसार मृतक सुशील खलखो (34) का गांव की एक विवाहित महिला से पिछले तीन साल से प्रेम संबंध था। महिला का पति इस रिश्ते का विरोध करता था। इसी विवाद को लेकर पहले भी गांव में सामाजिक बैठक हो चुकी थी। बताया जा रहा है कि महिला ने पूर्व में मृतक पर दुष्कर्म का मामला भी दर्ज कराया था, जिसके बाद वह जेल गया था। जेल से छूटने के बाद बीती रात घर के आंगन में मौजूद सुशील पर जयलाल एक्का, जसमन एक्का और एक नाबालिग ने हमला कर दिया।

आरोपियों ने पहले युवक के साथ मारपीट की और फिर उसके सिर पर भारी पत्थर पटक दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पत्थलगांव पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने साक्ष्य जुटाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और जांच शुरू की। जांच में प्रेम प्रसंग हत्या की मुख्य वजह सामने आई।

पुलिस ने जयलाल एक्का, जसमन एक्का और एक नाबालिग को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) और 3(5) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया है। एसडीओपी ध्रुवेश जायसवाल ने बताया कि प्रेम प्रसंग के चलते हत्या की गई है और मामले की जांच जारी है।

-->