बिलासपुर। शहर के बाल संप्रेक्षण गृह से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां तैनात चौकीदार की हत्या कर दी गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चौकीदार के हाथ-पैर बांधकर उसकी हत्या की गई।
घटना के संबंध में संप्रेक्षण गृह में बंद चार नाबालिग बालकों पर हत्या का आरोप है। वारदात के बाद चारों नाबालिग मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश के लिए पुलिस ने व्यापक सर्च अभियान शुरू कर दिया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए। वहीं, कलेक्टर और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों और घटना के पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। फरार चारों नाबालिगों की तलाश जारी है। मामले में पुलिस द्वारा विस्तृत जानकारी और आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है।
