ब्रेकिंग जशपुर – सुशासन तिहार में शराब प्रेमियों की अनोखी शिकायत, बगीचा शराब दुकान के खिलाफ दिया आवेदन

जशपुर जिला के बगीचा नगर पंचायत में आयोजित सुशासन तिहार के दौरान एक अजीबोगरीब आवेदन सामने आया। जहां आमतौर पर लोग सड़क, बिजली, पानी और राशन जैसी समस्याओं को लेकर शिकायत करते हैं, वहीं इस बार शराब प्रेमियों ने शराब दुकान की व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन से गुहार लगाई।
शराब प्रेमियों द्वारा सुशासन शिविर में दिए गए आवेदन में कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं। आवेदन में कहा गया है कि बगीचा शराब दुकान में अच्छी क्वालिटी की शराब उपलब्ध नहीं कराई जाती। इसके अलावा दुकान में कभी भी ठंडी बियर नहीं मिलने की शिकायत भी की गई है।
आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया कि सरकार द्वारा निर्धारित प्रिंट रेट से अधिक कीमत पर ठंडी बियर बेची जाती है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि ग्राहकों से मनमाने दाम वसूले जा रहे हैं, जिससे शराब प्रेमियों में नाराजगी है।
इतना ही नहीं, आवेदन में शराब वितरण के दौरान ग्राहकों के साथ भेदभाव करने का आरोप भी लगाया गया है। शिकायत में कहा गया है कि दुकान कर्मियों द्वारा “चेहरा देखकर” ग्राहकों को शराब दी जाती है और व्यवहार में भेदभाव किया जाता है।
सुशासन तिहार में पहुंचे अधिकारियों ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया है। यह अनोखी शिकायत क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।

-->