ब्रेकिंग जशपुर: खेत जुताई के दौरान ट्रैक्टर पलटा, नीचे दबने से दो युवकों की दर्दनाक मौत

जशपुर। जिले के सन्ना थाना क्षेत्र अंतर्गत कोदोपारा गांव में रविवार को खेत की जुताई के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। जुताई कर रहा ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे उसके नीचे दबने से दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतकों की पहचान ट्रैक्टर चालक उदय राम और ट्रैक्टर मालिक बरतु राम के रूप में हुई है। हादसा इतना भीषण था कि दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही सन्ना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लेते हुए जांच शुरू कर दी। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, खेत की जुताई के दौरान ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे यह हादसा हुआ।

इस घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

-->