ब्रेकिंग जशपुर – पत्थलगांव थाना क्षेत्र में पति-पत्नी की संदिग्ध मौत से सनसनी, जांच में जुटी पुलिस,

जशपुर। जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत डूडूगज़ोर गांव में पति-पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है। दोनों की अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां पत्नी को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि पति ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतकों की पहचान राजकुमार चौहान और उनकी पत्नी रुकमणि चौहान के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, दोनों पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे। गुरुवार सुबह अचानक उनकी तबीयत ज्यादा बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें तत्काल पत्थलगांव अस्पताल पहुंचाया गया।

अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने रुकमणि चौहान को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर हालत में भर्ती राजकुमार चौहान की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने दोनों की मौत को संदिग्ध बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।

पुलिस ने बताया कि दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

-->