जशपुर/पत्थलगांव। जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र के ग्राम गाला में एक दर्दनाक हादसे में खपड़ैल मकान की मरम्मत कर रहे एक व्यक्ति की हाईटेंशन बिजली करंट की चपेट में आने से मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, व्यक्ति अपने घर की खपड़ैल छत की मरम्मत कर रहा था। इसी दौरान वह पास से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गया। करंट लगते ही वह छत से नीचे गिर पड़ा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद परिजन तत्काल उसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल पत्थलगांव लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर पत्थलगांव पुलिस अस्पताल पहुंची और मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
