ब्रेकिंग जशपुर – पीएम जनमन योजना में फर्जीवाड़ा, सचिव का फर्जी हस्ताक्षर कर निकाले 74 हजार,दो के खिलाफ मामला दर्ज

जशपुर, 9 जुलाई। जिले के सन्ना थाना क्षेत्र में प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना की राशि फर्जी दस्तावेजों के जरिए निकालने का मामला सामने आया है। इस संबंध में पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत महुआ के सचिव मंगतू भगत ने शिकायत दर्ज कराई है कि प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के हितग्राहियों के खातों से फर्जी एनओसी, नकली सील और फर्जी हस्ताक्षर का उपयोग कर राशि का आहरण किया गया।

शिकायत के मुताबिक, आरोपी विनोद यादव और इन्द्रजीत यादव ने सचिव के नाम से फर्जी बैंक एनओसी तैयार कर ग्रामीण बैंक सन्ना से हितग्राही रैनु राम के खाते से 25 हजार रुपये, गंगा राम के खाते से 27 हजार रुपये तथा जितनी बाई के खाते से 22 हजार रुपये निकाल लिए। इस तरह कुल 74 हजार रुपये का गबन किए जाने का आरोप लगाया गया है।

मामले का खुलासा तब हुआ जब 1 जुलाई 2026 को पंजाब नेशनल बैंक बगीचा में एक अन्य हितग्राही शिवकुमार के खाते से 1.20 लाख रुपये निकालने के लिए प्रस्तुत एनओसी पर सचिव के हस्ताक्षरों का मिलान नहीं हुआ। बैंक की सूचना के बाद सचिव को संदेह हुआ और उन्होंने अन्य हितग्राहियों से पूछताछ की। जांच में पूर्व में हुई निकासी की जानकारी सामने आने पर थाना सन्ना में शिकायत दर्ज कराई गई।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों विनोद यादव और इन्द्रजीत यादव के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 3(5), 318, 336(1), 338 और 341 के तहत अपराध क्रमांक 55/2026 दर्ज कर लिया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक अशोक यादव को सौंपी गई है।

पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है तथा फर्जी दस्तावेज तैयार कर सरकारी योजना की राशि के गबन के संबंध में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

-->