ब्रेकिंग जशपुर – नशे में बेटे ने जलाऊ लकड़ी से पीटकर पिता की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

जशपुर 16 जुलाई। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में पारिवारिक विवाद के दौरान एक दर्दनाक घटना सामने आई है। थाना नारायणपुर क्षेत्र के ग्राम पंचायत कलिया में शराब के नशे में धुत एक युवक ने अपने ही पिता की जलाऊ लकड़ी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, नारायणपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कलिया निवासी बंधु राम (52 वर्ष) बुधवार शाम करीब 5 बजे घर में अपनी पत्नी के साथ किसी बात को लेकर विवाद कर रहे थे। इसी दौरान उनका बड़ा बेटा पूना राम शराब के नशे में घर पहुंचा। माता-पिता के बीच हो रहे विवाद को देखकर वह गुस्से में आ गया।

आरोप है कि पूना राम ने घर में रखी जलाऊ लकड़ी उठाकर अपने पिता के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से बंधु राम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही नारायणपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पूना राम को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। वहीं इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल है।

-->