ब्रेकिंग जशपुर – प्रेस वार्ता कर कांग्रेस पार्टी का राम मंदिर चढ़ावा चोरी की करें न्यायिक जांच…

जशपुर / उत्तर प्रदेश के अयोध्या स्थित भगवान श्रीराम मंदिर में हुए चढ़ावा चोरी के मामले में कांग्रेस ने सर्वोच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीशों से निष्पक्ष न्यायिक जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।

गुरुवार को जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष सुमित शर्मा ने कहा कि यह मामला देश और विदेश में बसे करोड़ों हिंदुओं की आस्था से जुड़ा हुआ है। इसलिए सच्चाई जनता के सामने आना जरूरी है। उन्होंने कहा कि चढ़ावे में गड़बड़ी का मामला सामने आने के बाद केंद्र और राज्य सरकार द्वारा की गई कार्रवाई टुकड़ों में दिखाई दी है। पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि आम जनता की भावना और मांग को सामने लाने के लिए कांग्रेस लगातार प्रयास कर रही है। सबसे पहले जनता को यह जानने का अधिकार है कि राम मंदिर में अब तक कितना चढ़ावा आया, कितना खर्च हुआ और कितना शेष है। साथ ही यदि किसी प्रकार की गड़बड़ी हुई है तो उसके लिए कौन-कौन जिम्मेदार हैं तथा उनके खिलाफ क्या कार्रवाई की जाएगी।

भाजपा पर निशाना साधते हुए सुमित शर्मा ने कहा कि भगवान श्रीराम और राम मंदिर के नाम पर राजनीति कर सत्ता में आने वाली भाजपा का शीर्ष नेतृत्व इस पूरे मामले में मौन धारण किए हुए है। उन्होंने कहा कि यह स्थिति दुर्भाग्यपूर्ण है। देश की जनता को बताया जाना चाहिए कि इस पूरे मामले में गड़बड़ी क्यों और कैसे हुई, दोषियों के खिलाफ क्या कार्रवाई होगी तथा भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं को रोकने के लिए क्या व्यवस्था की जा रही है।

उन्होंने कहा कि इन सभी प्रश्नों का उत्तर जानना देश की जनता का अधिकार है। पत्रकार वार्ता में कांग्रेस के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

-->