एक दिवसीय दौरे पर सीएम विष्णु देव साय जशपुर पहुंचे. मुख्यमंत्री नागवंशी समाज के गौरव सम्मेलन में शामिल होने आए थे. सीएम ने इस मौके पर नागवंशी समाज के विकास के लिए कई विकास योजनाओं की सौगात दी. सीएम ने ऐलान करते हुए कहा कि बगीजा में एक करोड़ की लागत से सामाजिक भवन का निर्माण किया जाएगा. इसके लिए तीन एकड़ की जमीन का पट्टा भी समाज को सौंपा गया.
जशपुर जिले के बगीचा विकासखंड के घुघरी गांव में नागवंशी समाज का गौरव सम्मेलन: सीएम ने सम्मेलन के मंच से कहा कि सभी समाज के विकास में शिक्षा का सबसे बड़ा योगदान है. सीएम ने कहा कि सभी को शिक्षा हासिल करनी चाहिए. शिक्षा से समाज का विकास और इंसान की तरक्की होती है. सीएम ने कहा कि नशा का सेवन भी लोगों को छोड़ देना चाहिए. नशा समाज में घुन की तरह काम करता है. इंसान की जिंदगी को बर्बाद कर देता है. समाज के विकास में भी नशा रोड़ा बनता है.
सीएम ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार लगातार युवाओं और आदिवासियों के लिए काम कर रही है. सीएम ने कहा कि नवा रायपुर में आदिवासी समाज के आदर्श महापुरुषों की गाथा को बताने के लिए संग्रहालय का निर्माण भी करा रहे हैं. सीएम ने कहा कि बनने वाले संग्रहालय का उदघाटन पीएम मोदी के हाथों कराया जाएगा.
सम्मेलन में सीएम ने कहा कि मोबाइल फोन और सोशल मीडिया का आज कुछ लोग गलत इस्तेमाल भी कर रहे हैं. हमारे युवा फेसबुक पर दोस्ती कर अपना सबकुछ लुटा दे रहे हैं. घर के बड़े लोगों को चाहिए कि वो बच्चों पर ध्यान रखें. बच्चों के बीच अच्छी शिक्षा जाए इसपर विचार करें. बच्चों को सही मार्गदर्शन मिले इसका ध्यान रखा जाना चाहिए. सीएम ने इस मौके पर आदिवासी बच्चों के बीच जाति प्रमाण पत्र भी बांटे.
हमारी युवा पीढ़ी नशे के रास्ते पर नहीं जाए इसके लिए सबको काम करना होगा. आदिवासी समाज के प्रमुखों को चाहिए कि वो युवाओं को सही रास्ते पर लाने का काम करें.
प्रदेश के जनजातीय क्षेत्रों के विकास के लिए सरगुजा एवं बस्तर क्षेत्र विकास प्राधिकरण द्वारा इनके विकास करने का कार्य किया जा रहा है। 02 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ‘धरती आबा’ योजना लागू की गई है जिसके द्वारा प्रदेश के 6500 से अधिक ग्रामों के सम्पूर्ण विकास हेतु कार्ययोजना तैयार किया जाएगा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने नागवंशी समाज की बहु प्रतीक्षित मांग को पूरा करते हुए उन्हें घुघरी में उनकी देवभूमि को संरक्षित करने हेतु सामुदायिक वनाधिकार पट्टा प्रदान किया गया। इसके साथ ही मात्रात्मक त्रुटि के कारण वंचित रह गए 40 बच्चों को मुख्यमंत्री ने जाति प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।
मुख्यमंत्री ने घुघरी में सामाजिक भवन निर्माण हेतु 50 लाख, खड़ा नाला में पुल निर्माण, ढ़ोड़की में व्यपवर्तन योजना के जीर्णोद्धार एवं बगीचा में एक करोड़ रुपये की लागत से मंगल भवन निर्माण की घोषणा की।
