जशपुर जिला महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यालय में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सहायक ग्रेड–02 के पद पर पदस्थ लिपिक गिरीश कुमार वारे को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी लिपिक ने विभाग में कार्यरत एक भृत्य के कथित ट्रांसफर के नाम पर रिश्वत की मांग की थी। आरोपी द्वारा भृत्य से कुल 70 हजार रुपए की मांग की गई थी, जिसमें से वह पहले ही 30 हजार रुपए ले चुका था। शेष 40 हजार रुपए लेते समय ACB की टीम ने जाल बिछाकर उसे पकड़ लिया।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि शेष राशि नहीं देने पर आरोपी ने उसकी पल्सर बाइक भी जबरन अपने पास रख ली थी। पीड़ित की शिकायत के बाद एंटी करप्शन ब्यूरो ने पूरी योजना के तहत कार्रवाई को अंजाम दिया।
फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है। ACB की इस कार्रवाई के बाद महिला एवं बाल विकास विभाग कार्यालय में हड़कंप मचा हुआ है।
