जशपुर जिले के बगीचा जनपद अंतर्गत सुलेसा ग्राम पंचायत में महतारी वंदन योजना के तहत ई-केवाईसी (e-KYC) कराने के नाम पर हितग्राहियों से अवैध वसूली का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, ई-केवाईसी के एवज में प्रत्येक लाभार्थी से 100 – 200 रुपये की राशि ली जा रही है, जिससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी है।
ग्रामीणों ने इस वसूली का विरोध करते हुए सरपंच और पंचों के साथ मिलकर जिला कलेक्टर से शिकायत की है। उनका आरोप है कि सुलेसा कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) के संचालक आशीष यादव द्वारा ई-केवाईसी के नाम पर पैसे लिए जा रहे हैं, जबकि शासन की योजनाओं में इस तरह का कोई शुल्क निर्धारित नहीं है।
ग्रामीणों का कहना है कि योजना का लाभ लेने के लिए मजबूरी में लोगों से पैसे वसूले जा रहे हैं, जो कि पूरी तरह गलत है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और हितग्राहियों से ली गई राशि वापस दिलाई जाए।
वहीं, इस पूरे मामले के सामने आने के बाद प्रशासन पर भी सवाल उठने लगे हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन इस शिकायत पर क्या कार्रवाई करता है और ग्रामीणों को न्याय कब तक मिल पाता है।
