जशपुर। जशपुर पुलिस ने ऑपरेशन शंखनाद के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए कोतबा चौकी क्षेत्र के ग्राम बैगाबहार में गौवंश के अवैध वध के मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने मौके से 55 किलो गौमांस बरामद करते हुए 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक हीरो मोटरसाइकिल, टांगी, छुरी, रस्सी और गौमांस की बिक्री से प्राप्त 2 हजार रुपये भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 26 जुलाई की सुबह मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बैगाबहार और रोकबहार के कुछ लोग बैगाबहार बरगोड़ा में गौवंश का वध कर उसका मांस काट रहे हैं। सूचना मिलते ही कोतबा पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए मौके पर घेराबंदी की और छापेमार कार्रवाई की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने रंजीत एक्का की मोटरसाइकिल से एक बोरी में भारी मात्रा में गौमांस बरामद किया। पूछताछ में रंजीत एक्का ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर गौवंश का वध कर मांस बांटने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने मामले में शामिल सभी 10 आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में रंजीत एक्का, राकेश तिर्की, मेघनाथ तिर्की, विनय तिग्गा, अमलेश तिग्गा, हीरालाल तिर्की, मनमोहन तिग्गा, अब्राहम कुजूर, संजय तिग्गा और अनूप भगत शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 5, 6 और 10 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर कोतबा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 55 किलो गौमांस, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, मांस काटने के औजार और 2 हजार रुपये बरामद किए गए हैं। मामले में वैधानिक कार्रवाई जारी है।
