ब्रेकिंग न्यूज़ – संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अम्बेडकर जयंती पर पूर्व संसदीय सचिव यू. डी. मिंज ने किया नमन.

पूर्व संसदीय सचिव एवं पूर्व विधायक यू. डी. मिंज ने भारतीय संविधान के शिल्पकार, महान समाज सुधारक और भारत के प्रथम विधि एवं न्याय मंत्री भारतरत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर को उनकी जयंती (14 अप्रैल) के अवसर पर विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की है।

श्री मिंज ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. अम्बेडकर ने सामाजिक न्याय, समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व के आदर्शों को स्थापित करने के लिए अपना सम्पूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। वे एक अद्वितीय विद्वान, उत्कृष्ट विधिवेत्ता, अर्थशास्त्री और मानवता के सच्चे उपासक थे।

उन्होंने कहा कि संविधान सभा की प्रारूप समिति के अध्यक्ष के रूप में बाबा साहेब ने भारत को एक ऐसा संविधान दिया, जो विश्व के सबसे समावेशी और प्रगतिशील संविधानों में से एक है। उन्होंने दलितों, वंचितों, श्रमिकों, महिलाओं और पिछड़े वर्गों के अधिकारों को सुनिश्चित करने के लिए कई ऐतिहासिक प्रावधान किए, जो आज भी हमारे लोकतंत्र की आत्मा हैं।

पूर्व विधायक श्री मिंज ने कहा कि बाबा साहेब का जीवन और कार्य आज भी हमें प्रेरित करता है कि हम समाज में व्याप्त असमानताओं को दूर कर एक समरस, न्यायपूर्ण और सशक्त राष्ट्र का निर्माण करें। उन्होंने सभी नागरिकों से संविधान की मूल भावना को अपनाने, लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करने और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने का आग्रह किया।

-->