जशपुर में 26वीं राज्य स्तरीय शालेय हॉकी क्रीड़ा प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ, 240 खिलाड़ी ले रहे हिस्सा

जशपुर, 26 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित 26वीं राज्य स्तरीय शालेय हॉकी क्रीड़ा प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ रविवार को जशपुर के स्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में हुआ। प्रतियोगिता का आयोजन 26 से 29 जुलाई 2026 तक किया जाएगा, जिसमें प्रदेश के पांच संभागों के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

प्रतियोगिता का शुभारंभ जशपुर विधायक श्रीमती रायमुनी भगत ने ध्वजारोहण एवं विभिन्न टीमों की सलामी लेकर किया। इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में 5 संभागों के 160 बालक और 80 बालिकाओं सहित कुल 240 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। इनके साथ 35 से अधिक कोच एवं मैनेजर भी उपस्थित हैं।

उद्घाटन समारोह में नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, नगर पालिका उपाध्यक्ष यशप्रताप सिंह जूदेव, राजा सोनी, संतोष सिंह, डिप्टी कलेक्टर एवं खेल अधिकारी समीर बड़ा, जिला शिक्षा अधिकारी नरेन्द्र कुमार सिन्हा सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

इस अवसर पर विधायक रायमुनी भगत ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी अपने जिले और राज्य का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करें।

नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत ने कहा कि जशपुर को लगातार राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिताओं की मेजबानी का अवसर मिलना जिले के लिए गर्व की बात है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष भी 25वीं राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया था। जशपुर में विकसित आधुनिक स्ट्रोटर्फ हॉकी मैदान खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और प्रतियोगिता का मंच उपलब्ध करा रहा है।

चार दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न संभागों की टीमें खिताब के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगी। प्रतियोगिता के सफल आयोजन को लेकर जिला प्रशासन एवं स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।

-->