जशपुर – कांग्रेस नेता अनोज गुप्ता ने भाजपा सरकार पर बिजली के नाम पर जनता से लूट का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने घरेलू बिजली दरों में लगातार बढ़ोतरी कर दी है और पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की 400 यूनिट तक बिजली बिल हॉफ योजना को समाप्त कर आम उपभोक्ताओं पर दोगुना बोझ डाल दिया है।
अनोज गुप्ता ने कहा कि पहले ही 80 पैसे प्रति यूनिट की दर से बिजली महंगी की जा चुकी है और अब स्मार्ट मीटर लगाकर मनमाना वसूली की जा रही है। आम जनता का बजट पूरी तरह से बिगड़ गया है और प्रदेश के 54 लाख उपभोक्ताओं से सालाना 40 से 50 हजार की बचत छीन ली गई है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ कोयले, पानी और जमीन से समृद्ध है, फिर भी भाजपा सरकार महंगे दाम पर बिजली बेच रही है। सरप्लस पावर वाला राज्य आज बिजली कटौती और महंगे बिलों से त्रस्त है। बिजली आधी मिल रही है लेकिन दाम दुगुने वसूले जा रहे हैं।
अनोज गुप्ता ने मोदी सरकार पर भी निशाना साधा और कहा कि केंद्र ने कोयले पर ग्रीन टैक्स, डीजल पर एक्साइज ड्यूटी, रेलवे व सड़क परिवहन का भाड़ा बढ़ाकर उत्पादन लागत को कई गुना बढ़ा दिया है। अब जीएसटी 2.0 में कोयले पर टैक्स 5 प्रतिशत से बढ़ाकर 18 प्रतिशत कर दिया गया है, जिसका सीधा असर बिजली की दरों पर पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार प्रदेश के संसाधनों को पूंजीपतियों के हाथों सौंप रही है और छत्तीसगढ़ को अडानीगढ़ बनाने पर तुली हुई है। प्रीपेड मीटर लगाने की तैयारी आम जनता के खिलाफ खुला षड्यंत्र है। मेहनतकश लोग अपनी खून-पसीने की कमाई से मीटर रिचार्ज करेंगे और मुनाफा अडानी की जेब में जाएगा।
अनोज गुप्ता ने कहा कि बिजली बिल के नाम पर हो रही इस लूट के खिलाफ कांग्रेस का आंदोलन पूरे प्रदेश में जारी है और आने वाले दिनों में जशपुर मे भी आंदोलन किया जाएगा।
—
