अंबिकापुर। साहू समाज संघ की ओर से संभाग स्तरीय सेवानिवृत्त शिक्षक-शिक्षिकाओं का सम्मान समारोह अंबिकापुर में आयोजित किया गया। समारोह में संभाग के विभिन्न जिलों से पहुंचे जिला अध्यक्ष, ब्लॉक अध्यक्ष सहित संघ के पदाधिकारी एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान समाज के सेवानिवृत्त शिक्षक एवं शिक्षिकाओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर साहू समाज जशपुर जिलाध्यक्ष सुरेंद्र गुप्ता ने कहा कि शिक्षक समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। अपने सेवाकाल में शिक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों के भविष्य को संवारने वाले शिक्षक-शिक्षिकाओं का सम्मान करना समाज के लिए गौरव का विषय है।
समारोह में सम्मानित सेवानिवृत्त शिक्षक-शिक्षिकाओं के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं सुखमय जीवन की कामना की गई। साथ ही उनसे भविष्य में भी सामाजिक कार्यों से जुड़े रहकर समाज एवं जनसेवा में अपना मार्गदर्शन और योगदान देते रहने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित पदाधिकारियों ने सेवानिवृत्त शिक्षकों के अनुभवों और सेवाओं की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। समारोह आपसी सौहार्द, सम्मान और सामाजिक एकजुटता के संदेश के साथ संपन्न हुआ।
