कलेक्टर रोहित व्यास के निर्देश पर शिक्षा विभाग सक्रिय, स्वच्छता और शाला प्रवेश उत्सव की तैयारियों की समीक्षा

बगीचा। नए शिक्षा सत्र की शुरुआत से पहले शिक्षा विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला कलेक्टर रोहित व्यास के निर्देशन में सेजेस स्कूल बगीचा में आयोजित बैठक में विकासखंड शिक्षा अधिकारी सुदर्शन पटेल ने सभी प्राचार्यों, सीएसी एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों को स्वच्छता पखवाड़ा, विद्यार्थियों की सुरक्षा तथा शाला प्रवेश उत्सव के सफल आयोजन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में विद्यालय परिसरों, कक्षाओं, शौचालयों, खेल मैदानों और पेयजल स्रोतों की साफ-सफाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। साथ ही पहली बारिश के दौरान आसमानी बिजली, सांप-बिच्छू और अन्य जहरीले जीवों से बचाव के लिए विशेष सतर्कता बरतने तथा विद्यालयों की विद्युत व्यवस्था की जांच करने के निर्देश दिए गए।

बीईओ सुदर्शन पटेल ने आगामी शाला प्रवेश उत्सव को जनभागीदारी के साथ भव्य रूप से आयोजित करने, अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन सुनिश्चित करने तथा नवप्रवेशी विद्यार्थियों के स्वागत की बेहतर व्यवस्था करने की बात कही। उन्होंने प्रवेश उत्सव के दौरान विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तक और गणवेश वितरण तथा अभिभावकों व जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

बैठक की शुरुआत में हायर सेकेंडरी विद्यालय महादेवडांड की सेवानिवृत्त प्राचार्या आशा मलीना खलखो को शिक्षा क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। बैठक में एबीओ दिलीप टोप्पो, बीआरसीसी कृष्ण कुमार राठौर सहित शिक्षा विभाग के कई अधिकारी और शाखा प्रभारी उपस्थित रहे।

-->