जशपुर। विष्णुदेव की भाजपा सरकार क्षेत्र के विकास को गति देने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। उकईभठ्ठा से सरगुजा सीमा तक 3 करोड़ 88 लाख रुपये की लागत से PWD विभाग द्वारा सड़क निर्माण कार्य कराया जाएगा। सड़क निर्माण कार्य का विधिवत भूमिपूजन जशपुर विधायक रायमुनी भगत ने किया।
भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक रायमुनी भगत ने कहा कि क्षेत्र में बेहतर सड़क और मजबूत आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना विकास की प्राथमिकताओं में शामिल है। उकईभठ्ठा से सरगुजा सीमा तक सड़क निर्माण होने से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली सरकार प्रदेश के गांवों और दूरस्थ क्षेत्रों तक विकास कार्य पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
जिला महामंत्री मुकेश शर्मा ने कहा कि सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और मूलभूत सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकता है। ग्रामीण क्षेत्रों में अधोसंरचना मजबूत होने से लोगों को सुविधाओं का लाभ अपने ही क्षेत्र में मिलेगा और आवागमन भी पहले की अपेक्षा सुगम होगा।
उन्होंने सड़क निर्माण की सौगात के लिए विष्णुदेव साय सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की विकासोन्मुखी सोच का लाभ जशपुर जिले के ग्रामीण अंचलों को भी मिल रहा है। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और समयबद्धता पर भी विशेष ध्यान देने की बात कही।
भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान जिला महामंत्री मुकेश शर्मा,मंडल अध्यक्ष आंनद यादव, हरिशंकर यादव, जनपद सदस्य शुशील राम, नसरुलह सिद्धिक्की , काजल राय सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मौजूद रहे। सड़क निर्माण की शुरुआत से क्षेत्रवासियों में उत्साह का माहौल रहा। ग्रामीणों ने इसे क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण विकास कार्य बताते हुए प्रसन्नता व्यक्त की।
उकईभठ्ठा से सरगुजा सीमा तक बनने वाली यह सड़क क्षेत्र में बेहतर कनेक्टिविटी स्थापित करने के साथ-साथ ग्रामीणों की दैनिक आवाजाही को सुगम बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
