अजय सूर्यवंशी बगीचा – विकासखंड बगीचा के ग्राम रायकेरा में आज भगवान श्री जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा श्रद्धा और उल्लास के साथ निकाली जाएगी। रथ यात्रा को लेकर गांव सहित आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। आयोजन समिति द्वारा रथ, मंदिर परिसर एवं यात्रा मार्ग को आकर्षक ढंग से सजाया गया है।
रथ यात्रा में भगवान जगन्नाथ, बड़े भाई बलभद्र एवं बहन सुभद्रा की प्रतिमाओं को सुसज्जित रथ पर विराजमान कर गांव के प्रमुख मार्गों से शोभायात्रा निकाली जाएगी। यात्रा के दौरान श्रद्धालु जय जगन्नाथ के जयघोष के साथ रथ की रस्सी खींचेंगे तथा भजन-कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा।
आयोजन समिति ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर भगवान जगन्नाथ का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है। रथ यात्रा को लेकर प्रशासन एवं समिति की ओर से आवश्यक व्यवस्थाएं भी की गई हैं ताकि आयोजन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
उल्लेखनीय है कि भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा देशभर में आस्था और श्रद्धा के साथ मनाई जाती है। इस पर्व में भगवान स्वयं रथ पर सवार होकर भक्तों के बीच आते हैं, जिसे सनातन परंपरा का महत्वपूर्ण धार्मिक उत्सव माना जाता है।

