बालाघाट छात्रावास में आदिवासी बच्चों की मौत के विरोध में न्याय सत्याग्रह, मुआवजे और स्वास्थ्य आपातकाल की मांग

जशपुर। मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले के एक छात्रावास में आदिवासी बच्चों की मौत और वहां की बदहाल व्यवस्थाओं के विरोध में गुरुवार, 10 सितंबर 2026 को जिला कांग्रेस परिसर में आदिवासी कांग्रेस के तत्वावधान में एकदिवसीय न्याय सत्याग्रह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम अखिल भारतीय आदिवासी कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. विक्रांत भूरिया के आदेश तथा छत्तीसगढ़ आदिवासी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जनक ध्रुव के निर्देश पर आयोजित किया गया।

न्याय सत्याग्रह की अध्यक्षता करते हुए पूर्व विधायक एवं आदिवासी मंत्रणा सलाहकार परिषद के सदस्य विनय कुमार भगत ने भाजपा सरकार पर आदिवासी समाज की उपेक्षा का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जिन राज्यों में भाजपा की सरकार है, वहां आदिवासी समाज का हर वर्ग मूलभूत सुविधाओं से वंचित और उपेक्षित है। उन्होंने भाजपा सरकार की नीतियों को आदिवासी विरोधी बताया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश महासचिव अनिल कुमार किसपोट्टा ने बालाघाट छात्रावास में बच्चों की मौत की घटना पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव और शिक्षा मंत्री राजेंद्र शुक्ला से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल इस्तीफा देने की मांग की।

प्रदेश सचिव विनय कुमार एक्का एवं संदीप कुजूर ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी आदिवासियों के हितों और अधिकारों की रक्षा के लिए देशभर में आवाज उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आदिवासी कांग्रेस प्रदेश और जिले में भी समाज को जागरूक करने का अभियान चलाएगी।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव हीरूराम निकुंज ने न्याय सत्याग्रह के माध्यम से मांग रखी कि बालाघाट में जिन बच्चों की मौत हुई है, उनके प्रत्येक परिवार को एक करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाए। उन्होंने घटना की गंभीरता को देखते हुए पीड़ित परिवारों को तत्काल राहत और न्याय उपलब्ध कराने की मांग की।

कार्यक्रम के समापन पर जिला आदिवासी कांग्रेस जशपुर के अध्यक्ष राम प्रसाद साय कोरवा ने मध्यप्रदेश में तत्काल स्वास्थ्य आपातकाल लागू करने की मांग की। उन्होंने कहा कि आदिवासी छात्रावासों में रहने वाले बच्चों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं को लेकर सरकार को गंभीरता से कदम उठाने चाहिए।

न्याय सत्याग्रह में जिला आदिवासी कांग्रेस अध्यक्ष राम प्रसाद साय कोरवा, प्रदेश महासचिव अनिल कुमार किसपोट्टा, पूर्व विधायक विनय कुमार भगत, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव हीरूराम निकुंज, विनय प्रकाश सिक्का, संदीप कुजूर, जिला महामंत्री मनमोहन भगत, जिला कांग्रेस के सिंहासन मिंज, ब्लॉक अध्यक्ष आदिवासी कांग्रेस जशपुर सुश्री आशिक कुजूर, राष्ट्रीय संयोजक श्रीमती मोनिका टोप्पो सहित महादेव राम, शिवकुमार भगत, पाठक, भोलू, चांद खान, सतीश सिन्हा, संजय राम, राकेश भगत सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।

-->